कोरोना संक्रमित युवती से सफाई कर्मचारी ने की छेड़छाड़, अपराध दर्ज
बिलासपुर। कोरोना संक्रमित होने पर एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती युवती से सफाई कर्मचारी ने छेड़छाड़ की है। आरोप है, कि युवती दो दिनों से परेशान थी, उसने इसकी शिकायत परिजनों से की। जिसके बाद तारबहार थाने में मामला दर्ज कराया गया। जानकारी के मुताबिक, बिल्हा क्षेत्र की 19 साल की युवती कोरोना संक्रमित मिली थी। इसके बाद उसे 12 सितंबर को व्यापार विहार स्थित महादेव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवती का आरोप है कि दो दिनों से अस्पताल का सफाई कर्मचारी विनोद पटेल उससे छेडख़ानी कर रहा था। युवती ने मंगलवार को इसकी जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा हुआ। बाद में थाने जाकर परिजनों ने शाम को आरोपी सफाईकर्मी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से आरोपी सफाईकर्मी को रात में पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।




