स्थिति नाजुक: अजीत जोगी की हालत में नहीं आया सुधार
रायपुर। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की हालत आज भी नाजुक बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, वहीं उनके मस्तिष्क की क्रियाशीलता नहीं के बराबर हो गई है। चिकित्सकों का भरसक प्रयास है कि किसी भी तरह से उनके मस्तिष्क को सक्रिय किया जाए।
राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती पूर्व सीएम जोगी की हालत आज भी नाजुक बनी हुई है। अस्पताल से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि जोगी की हालत आज भी नाजुक बनी हुई है। उनकी स्थिति पहले जैसे ही बनी हुई है। मस्तिष्क की गतिविधियां अभी भी बेहद कम है। उन्हें वेंटीलेटर से कृत्रिम सांस दी जा रही है। उनका हृदय, ब्लड प्रेशर और यूरिन आउटपुट नियंत्रित है, लेकिन इसके बाद भी उनकी स्थिति को पहले से बेहतर नहीं माना जा सकता। इधर श्री जोगी के शुभचिंतकों द्वारा लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करते हुए पूजा-अर्चना और प्रार्थना की जा रही है। श्री जोगी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए लगातार जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंच रहे हैं।




