राजधानी में कंटेनमेंट जोन वाले इलाकों में साफ-सफाई पर विशेष जोर
रायपुर। राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामले देख अब नगर निगम प्रशासन ने शहर के प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान शुरू करा दिया है। शहर के अधिकांश वार्डों में दवाई का छिड़काव और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शहर में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार देखते हुए साफ-सफाई और सामाजिक दूरी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में चल रहे लॉकडाउन के चलते सड़कों और गली-मोहल्लों में लोगों की आवाजाही काफी कम है। लोग सुरक्षा के लिहाज से अपने-अपने घरों में ही है। ऐसे में नगर निगम की ओर से अब वार्डों में विशेष सफाई अभियान शुरू करा दिया गया है। इसके तहत शहर के विभिन्न वार्डों में और खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां कंटेनमेंट जोन बनाया गया है, वहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके तहत नाले-नालियों की विशेष सफाई, दवाई का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा सामाजिक दूरी का पालन करने, एक जगह पर अनेक लोग जमा न हो सकें इस पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस काम में अब मोहल्ला समितियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। वहीं वार्ड पार्षदों के माध्यम से लोगों के बीच जागरूकता लाने विशेष पहल की जा रही है। शासन-प्रशासन ने भी आम लोगों से शासन द्वारा जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा बेवजह घरों से बाहर न जाने, लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने, मास्क पहनने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने अपील की जा रही है।




