राजधानी में लॉक डाउन का सख्ती से पालन: सड़कों पर बेवजह निकलने वाले चढ़े पुलिस के हत्थे
रायपुर। लॉकडाउन में शनिवार शाम से बरती गई सख्ती कल सोमवार शाम को समाप्त हुई। इधर आज सख्ती कम होते ही एक बार फिर से बेवजह सड़कों पर निकलने वालों की भीड़ नजर आई। मगर पुलिस प्रशासन ने भी अब पूरी तरह से ठान लिया है, यही वजह है कि प्रत्येक वाहन चालकों से कड़ाई से पूछताछ हो रही है, बाहर निकलने के उचित कारण बताने पर ही लोगों को आगे बढऩे दिया जा रहा है, वहीं अन्य लोगों को वापस लौटाया जा रहा है।
कुछ इसी तरह का नजारा शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों और चौराहों पर नजर आया। राजिम-अभनपुर और पुराना धमतरी रोड को जोडऩे वाले टिकरापारा के सिद्धार्थ चौक, पुलिस लाईन मुख्य प्रवेश द्वार, कालीबाड़ी चौक जो कि अभनपुर, राजिम, धमतरी, रायपुर के ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों के लिए मुख्य मार्ग है, इस पर पुलिस का सख्त पहरा दिखाई दिया। लोगों को इन चौराहों पर ही रोक दिया गया। उचित कारण बताने पर चुनिंदा लोगों को ही आगे बढऩे दिया गया, वहीं अन्य लोगों को सख्ती बरतते हुए वापस लौटा दिया गया। पुलिस लाईन मुख्य प्रवेश द्वार पर इन लोगों को फिर से रोका गया और यहां भी कड़ाई से पूछताछ की गई। सबसे ज्यादा भीड़ कालीबाड़ी चौक में दिखाई दिया। मगर यहां मार्ग में आने और जाने दोनों ही ओर के लोगों को रोका गया और आवाजाही का कारण पूछा गया। कालीबाड़ी चौक से बैरनबाजार जाने वाले मार्ग में कुछ निजी अस्पताल हैं, जरूरतमंद लोगों को ही आगे बढऩे दिया गया। इधर शहर के अन्य चौराहों पर भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिला। बेवजह सड़कों पर निकले लोगों पर पुलिस ने सख्ती भी बरती। इसके अलावा आज गली-मोहल्लों में फिर से पुलिस की पेट्रोलिंग नजर आई। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर से स्पष्ट कर दिया है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा और सड़कों पर बेवजह निकलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




