छत्तीसगढ़: दस कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बढ़ी सख्ती, कई जिलों में टोटल लॉकडाउन के निर्देश
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले से मंगलवार देर शाम अचानक एक-एक कर दस कोरोना संक्रमित मरीजों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन भी तत्काल मुस्तैद होकर कोरोना संक्रमित मजदूरों को रायपुर स्थित एम्स रिफर करने के निर्देश दे दिए। अचानक बढ़े कोरोना पाजीटिव मरीजों के चलते प्रशासन द्वारा सूरजपुर, बलरामपुर और कोरबा से लगने वाले सीमाओं को सील करने के निर्देश जारी किये।
इसी प्रकार बिना अनुमति के जिले में प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है। छत्तीसगढ़ में कोरबा जिला को छोड़कर लगभग सभी जिले ग्रीन जोन में शामिल थे। रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव जैसे जिले आरेंज जोन में शामिल हैं लेकिन कई सप्ताह से यहां भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं आये थे। छत्तीसगढ़ में कोरोना एकाएक रिकार्ड मरीज बढ़े। इस क्रम में पुलिस वाला भी पाजीटिव पाया गया। छत्तीसगढ़ में यह पहला मामला है कि कोई पुलिस वाला कोरोना संक्रमित पाया गया है। पुलिस वाले की ड्यूटी आईसोलेशन सेंटर में लगी थी। मंगलवार देर शाम इसकी पुष्टि बिलासपुर रेंज के आईजी दिपांशु काबरा ने दी। विशेष बात यह है कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों में लगभग सभी छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी नहीं है। वे महाराष्ट्र से पैदल चलकर झारखंड और उत्तरप्रदेश राज्य स्थित अपने मूल निवास जा रहे थे।
आपको बता दे की बुधवार को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भी एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पत्थलगांव के लुड़ेग राहत शिविर में ठहरे एक मजदूर की कोरोना सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से हड़कंप मच गया है। इसके पहले कल मंगलवार को सुरजपुर में 10 कोरोना मरीज मिले थे। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है।




