पुलिस ने किया बड़ा खुलासा: बड़ी माँ ने की थी दूधमुंही बच्ची की हत्या, पानी टंकी में मिला था बच्ची का शव
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे माना कैम्प क्षेत्रांतर्गत टेमरी गांव में हुए दुधमुंही बच्ची की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आपको बता दे कि 1 साल की बच्ची का शव उसके घर की छत पर पानी की टंकी में मिला था| उसी सम्बंध में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया की बच्ची की बड़ी माँ ने जलन व द्वेष की भावना से उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया था। जिस पर पुलिस ने कार्यवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़िए पूरी खबर-
आपको बता दे कि दिनांक 21.04.20 को सुबह मृतिका की मां नीलम साहू अपनी एक वर्षीय पुत्री गीतांजली साहूू को दूध पिलाकर रूम में सुलाई थी। कुछ समय पश्चात मृतिका को रूम में नही पाये जाने से घर के सभी परिजनो ने खोजबीन शुरू की बहुत देर तक खोजबीन के बाद छत की टंकी की ओर घर के लोगों का ध्यान गया। टंकी के ढक्कन पर लकडी का एक भारी गुटका रखा था। ढक्कन खोलकर देखने पर उसमें पानी में डूबी हुई बच्ची मिली। परिजन उसे जीवित समझ अंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बताया की बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी है। जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल सुरु की। इसी दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि मृतिका के बड़े पापा अनुज साहू तथा बड़ी मां राजेश्वरी साहू का कोई संतान नहीं है, दोनों संतान प्राप्ति हेतु डाॅक्टरी ईलाज एवं झाड़ फूंक भी करा रहे थे, परंतु आज तक उनको संतान की प्राप्ति नहीं हुई थी एवं दिनांक घटना को भी घर में मृतिका की मां के अलावा अनुज साहू एवं राजेश्वरी साहू उपस्थित थे। जिस पर पुलिस टीम का शक अनुज साहू एवं राजेश्वरी साहू के उपर और गहरा हो गया। टीम द्वारा मृतिका के बड़े पापा अनुज साहू एवं बड़ी मां राजेश्वरी साहू से पुनः घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ किया गया। पूछताछ के दौरान राजेश्वरी साहू बार-बार अपने बयान मुकर कर टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास कर रही थी। टीम द्वारा कड़ाई से राजेश्वरी साहू से पूछताछ की गई। जिसके बाद उसने एक वर्षीय दूधमुही बच्ची गीतांजली साहू को पानी की टंकी में डालकर हत्या करना स्वीकार किया।
ऐसे दिया घटना को अंजाम-
पूछताछ में आरोपिया राजेश्वरी साहू ने बताया कि राजेश्वरी साहू मृतिका गीतांजली साहू के प्रति अपने मन में द्वेष व जलन की भावना रखती थी। इसी द्वेष व जलन की भावना से क्षुब्ध होकर आरोपिया ने दूधमुही बच्ची गीतांजली साहू की हत्या करने की ठान ली। दिनांक घटना को आरोपिया नहाने का बहाना कर बाथरूम में प्रवेश की तथा मृतिका की मां नीलम साहू भी अपनी पुत्री को कमरे में सुला कर दूसरे बाथरूम में नहाने के लिए गयी इसी दौरान आरोपिया राजेश्वरी साहू दूधमुही गीतांजली साहू को उठाकर घर के उपर छत में ले गयी तथा सोते हुये स्थिति में जीवित ही उसे पानी टंकी में डालकर ढ़क्कन बंद कर दी तथा ढक्कन के उपर लकड़ी बड़ा गुटका रख दी थी। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।




