दुव्र्यवहार-मारपीट करने वाले पुलिस होंगे तत्काल प्रभाव से निलंबित, डीजीपी ने सभी रेंज के आईजी को भेजा पत्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब पुलिस अधिकारी-कर्मचारी बिना वजह किसी भी आमजन की पिटाई नहीं करेंगे, यदि ऐसा करता पाया गया तो संबंधित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी को तत्काल निलंबित करते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
राज्य के पुलिस प्रमुख ने इस आशय का आदेश जारी कर दिया है। आज प्रदेश के सभी रेंज के आईजी को जारी आदेश में डीजीपी डीएम अवस्थी ने स्पष्ट कहा है कि उनके द्वारा कई बार यह निर्देशित किया जा चुका है कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारी आमजनों से सम्मानजकन ढंग से व्यवहार करें, लेकिन हाल की घटनाओं ने एक बार फिर से पुलिस की छवि धूमिल की है। इससे वर्षों से पुलिस की छवि सुधारने के लिए काम कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों की मेहनत पर भी पानी फिर गया है। भविष्य में यदि इस तरह की घटना पुन: होती है अथवा किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ बेवजह मारपीट की शिकायत आती है तो संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा एवं उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाएगा।




