एम्फन तूफान की दस्तक से आज से बिगड़ेगा मौसम, 20-30 किमी की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने की संभावना
महासमुंद। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान एम्फन का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। इससे आगामी दो दिनों तक प्रदेश सहित जिले में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इधर, मौसम विभाग की मानें तो तूफान का असर जरूर होगा लेकिन व्यापक असर नहीं होगा।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर और दक्षिण अंडमान सागर के पास एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। चक्रीय चक्रवात अभी दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में स्थित है। यह 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिसकी उत्तर बंगाल की खाड़ी में टकराने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो तूफान की वजह से आज दोपहर बाद 20-30 किमी की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने की संभावना है। बताया जाता है कि तूफान का असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। इसकी वजह से राजधानी समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। तूफान को लेकर लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है।
देर रात हुई बारिश-
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि तूफान का असर शनिवार देर रात देखने को मिला। इसकी वजह से कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। आगामी दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने के साथ ही हल्की मध्यम वर्षा होने की संभावना है। महासमुंद जिला उड़ीसा से सीमा से लगा हुआ जिला है जिसकी वजह से इसका असर देखने को मिल सकता है।
इन जगहों पर दिख सकता है असर-
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तूफान का असर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मेघालय, छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। संभावित कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर पूर्व दिशा में घूमते हुए अपने रास्ते पर लौटेगा और बंगाल की खाड़ी की ओर मुड़ेगा। कम दबाव वाले क्षेत्र की गति अभी पता नहीं चल पाई है और संभावित तूफान तट पर कहां टकराएगा यह भी तय नहीं है।




