लॉकडाउन में बड़ा दाव लगाकर जुआ खेलते तीन जुआरी गिरफ्तार
जगदलपुर। जिले के नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे तीन जुआरियों रिकेश्वर पाण्डेय, धनीराम और मंगलराम को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 हजार 06 सौ रुपये नगद, ताश की 52 पत्तियां, दो एंड्राइड फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने जुआ एक्ट की धारा 13 और धारा 151 के तहत अपराध पंजीबद्व करते हुए आरोपियों को आज एसडीएम न्यायालय में पेश कर दिया है।
नगरनार टीआई शिवशंकर गेंदले ने बताया कि पुलिस की एक टीम बीती रात जिले में लागू लॉक डाउन के नियमों का लोगों से पालन करवाने थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए निकली हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुषपाल लिटीगुड़ा पारा के जंगल में कुछ लोग रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मुखबिर के द्वारा बताए गए जगह पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करना शुरू किया। इसी दौरान जुआरियों की नजर पुलिस पर पड़ गई। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी भागने लगे। पुलिस ने भी आरोपियों का पीछा करते हुए तीन जुआरियों रिकेश्वर पाण्डेय निवासी ग्राम गुमडेल, धनीराम निवासी माड़पाल और मंगलराम निवासी माड़पाल को गिरफ्तार किया है।




