गरज-चमक के साथ बौछार, 9 और 10 को जिले के कई हिस्सों में बारिश की संभावना
महासमुंद। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक द्रोणिका विदर्भ से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किमी ऊंचाई तक स्थित है। इसके असर से 8 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि संभावित है। जिले में गुरुवार को मौसम शुष्क रहा, वहीं शुक्रवार को भी मौसम शुष्क रहेगा। अनुमान है कि 9 मई को जिले के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है, वहीं 10 मई को कुछ स्थानों पर ज्यादा बारिश हो सकती है।
खेतों में फसल, किसानों में चिंता-
इस बेमौसम बारिश और तेज हवा अंधड़ से खेतों में खड़ी या कटकर पड़ी फसल को भारी नुकसान की आशंका है। किसान दौलत चंद्राकर, शंकर चंद्राकर, जीवन चंद्राकर, शंकरू ध्रुव, गनपत निषाद का कहना है कि तेज हवा-बारिश से धान की फसल खेतों में गिर जा रही है। इससे फसल कटाई में दिक्कत होती है और दानें झड़ जाते हैं। जो फसल कटाई के बाद खेतों में बीड़ा या करपा के रूप में पड़ी है, उसे भी बारिश से नुकसान हो रहा है।




