करंट से दो भालूओं की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। पिथौरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिदौंली में करंट लगाकर शिकार करने की नीयत से शिकारियों द्वारा बिछाए गये जाल में फंसकर सोमवार को दो भालूओं की मौत हो गई। मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिथौरा वन परिक्षेत्र कक्ष क्रमांक 288 से वन विभाग को सूचना मिली कि वन्य प्राणियों के शिकार करने जीआई तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित करने से दो वन्यप्राणी भालूओं एक नर और एक मादा की मृत्यु हो गई। सूचना पर वन विभाग की टीम डॉग स्कॉड के साथ मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाशी शुरू की। जिसमें छिंदौली निवासी रामजी निषाद (50), नैन सिंह (38), ग्राम बेल्डीह निवासी देवलाल चक्रधारी (30) और जयप्रकाश को पकड़ा। आरोपियों से जीआई तार का फंदा, खूंटी, शीशी और शिकार की अन्य सामग्री जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने विद्युत करंट से भालूओं का शिकार करना स्वीकार किया। मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी यू आर बसंत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 50 एवं 51 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। भालूओं के शवों का पीएम पश्चात पिथौरा वन काष्ठागार परिसर में अंतिम संस्कार किया गया।




