मौसम का मिजाज: राज्य में जमकर बरसेंगे बादल, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना
रायपुर। राज्य में आगामी चौबीस घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी भागों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा कहीं-कहीं पर ओले पडऩे तथा वज्रपात की भी संभावना है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो वर्तमान में एक द्रोणिक बनी हुई है जो कि पूर्वी बिहार से लेकर उत्तरी छत्तीसगढ़ तक 1.5 किमी की ऊंचाई से 2.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं एक अन्य द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से लेकर दक्षिण तमिलनाडू तक 1.5 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके असर से कल दिनांक 12 मई को उत्तरी छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ तेज हवा अथवा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बन रही है। प्रदेश में इस समय मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। यह चक्रवाती सिस्टम और द्रोणिका के असर से ही हो रहा था। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवा भी अब कम हो गई है। इससे अब आगामी दिनों में तापमान में क्रमश: वृद्धि होने तथा अधिकतम तापमान के आंकड़ों में इजाफा होगा। मौसम विभााग की माने तो 15 मई के बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ के तापमान में निरंतर वृद्धि होगी और 18 मई तक बढ़ती जाएगी। राज्य के शेष इलाकों में मौसम के मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।




