मौसम का मिजाज: राज्य के अनेक स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी
रायपुर। राज्य में आज अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे तथा आकाशीय बिजली गिरने के आसार हैं।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो इस समय एक निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी उत्तर तटीय उड़ीसा और तटीय पश्चिम बंगाल के पास स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का क्षेत्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, नारनौल, ग्वालियर, सतना, अंबिकापुर, चैबासा और इसके बाद निम्न दबाव के क्षेत्र तक बना हुआ है। इस मौसमी तंत्र के प्रभाव से आज राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
वहीं राज्य में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले चौबीस घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर तेज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है अथवा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसी तरह कल 14 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में प्रदेश में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यता उत्तर छत्तीसगढ़ में रहने की संभावना है।




