मौसम का मिजाज: राज्य में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ पड़ सकते हैं छींटे
रायपुर। राज्य में कल बना चक्रीय चक्रवात आज आगे बढ़कर ओडिशा की ओर चला गया है। हालांकि इस सिस्टम के असर से आई नमी के प्रभाव से आज व कल 01 मई को भी राज्य में कहीं-कहीं पर बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो कल दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना चक्रीय चक्रवाती सिस्टम आज आगे बढ़कर दक्षिण ओडिशा की ओर निकल गया है। यह दक्षिण ओडिशा और इसके आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं कल बनी द्रोणिका जो कि दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश से लेकर दक्षिण तमिलनाडू तक फैली थी यह आगे निकल गई है। आज सबसे कम तापमान पेण्ड्रारोड में 19.4 डिग्री रिकार्ड की गई है वहीं दुर्ग शहर में सबसे अधिक 41.2 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग की माने तो आज गुरूवार को भी राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा कल 01 मई को भी राज्य में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे अथवा तेज अंधड़ चलने व वज्रपात के साथ ओले पडऩे के आसार हैं।




