अम्फान तूफान के चलते हवा की रफ्तार 185 किमी प्रति घंटे तक पहुंची, प्रदेश में दोपहर बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बना समुद्री तूफान अम्फान अब गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तब्दील होकर उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस तूफान के दोपहर बाद अथवा देर शाम तक तटीय इलाकों से टकराने की संभावना है। वर्तमान में इस तूफान के चलते हवा की रफ्तार 185 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई है।
मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार यह तूफान अभी उत्तर-पश्चिम और इससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में हैं और 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ रही है। आज 20 मई को यह तूफान उत्तर-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य भाग पर अत्यधिक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में बंगाल की खाड़ी में चिन्हित कर लिया गया है। वर्तमान में यह तूफान पारादीप (ओडिशा) से 280 किमी तथा दीघा के दक्षिण में (पश्चिम बंगाल) और खेतपुरा (बांग्लादेश) से 425 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। इस तूफान के उत्तर-पूर्व की ओर बढऩे की बहुत संभावना है। पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पार और पश्चिम बंगाल के पास दीघा (पश्चिम) और हटिया द्वीप समूह (बांग्लादेश) में आज 20 मई 2020 की दोपहर या इसके बाद सुंदरबन के करीब टकरा सकता है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों को 22 मई से प्रभावित करने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो इस प्रबल चक्रवाती तूफान अम्फान का प्रदेश के मौसम पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। लेकिन इस तूफान के तटीय इलाकों के नजदीक आने के कारण आज दोपहर बार बस्तर संभाग के साथ ही रायपुर व दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक होने तथा बौछारें पडऩे अथवा आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम रूप में बारिश हो सकती है।




