राजधानी के एक सूने मकान से दो लाख के गहने चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
रायपुर। खमतराई के शिवानंद नगर स्थित मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए गहनों को बरामद कर लिया है। महिला ने परिचत होने का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
थाना प्रभारी खमतराई से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया भारती वरू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराइ थी कि वह शिवानंद नगर सेक्टर 3 में रहती है तथा वंदना पार्लर समता कालोनी में काम करती है। घर में प्रार्थिया और उसका पति नरेश वलमजी वरू रहते है। 5 सितंबर को दोनों पत्नी पत्नी घर में ताला लगाकर रोज की तरह काम पर निकले थे। दोनों एक साथ शाम करीबन 5 बजे वापस घर पहुंचे तो घर के दरवाजे खुले थे। घर अंदर जाने पर अंदर में रखे आलमारी व आलमारी के अंदर का लाॅकर खुला था व उसके अंदर रखे सोने के जेवरात नहीं थे। कोई अज्ञात चोर प्रार्थिया के घर के दरवाजा में लगे ताला को खोलकर अंदर प्रवेश कर आलमारी व लाॅकर को खोलकर सोने के जेवरात चोरी कर ले गया। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 408/20 धारा 454, 380 भादवि. का अपराधा पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई की टीम द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी प्रारंभ किया गया। टीम द्वारा से घटना के संबंध में प्रार्थिया एवं उसके पति से विस्तृत पूछताछ किया गया। घटना के संबंध में आसपास के लोगों से भी पूछताछ करते हुये घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. फुटेजों का अवलोकन किया गया एवं अज्ञात आरोपी के संबंध में तकनीकी विश्लेषण कर अज्ञात आरोपी की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि ताज नगर सिविल लाईन निवासी इसरत बानो उर्फ खुशबू प्रधान जो प्रार्थिया एवं उसके पति से परिचित है तथा इसका प्रार्थिया के घर आना-जाना है, को घटना के दिन प्रार्थिया के घर प्रवेश करते देखा गया था। संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए थाना खमतराई की टीम ने इसरत बानो उर्फ खुशबू प्रधान को थाना लाकर पूछताछ किया गया, परंतु इसरत बानो ने चोरी से इंकार कर दिया। टीम द्वारा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर वह अधिक समय तक अपने झूठ पर टिक न सकी और अंततः चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपिया ने बताया कि उसका प्रार्थिया के घर आना जाना था तथा उसे घर एवं आलमारी की चाबी कहां पर रहता है इस संबंध में जानकारी थी। घटना के कुछ दिन पूर्व आरोपिया प्रार्थिया के घर घुमने गयी थी इसी दौरान मौका पाकर घर व आलमारी का एक सेट चाबी को चोरी कर अपने पास रख ली थी तथा प्रार्थिया के घर चोरी की घटना को अंजाम दी। आरोपिया की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी की सोने की 2 नग मंगल सूत्र, पंच धातु में सोने की पट्टी लगा चूड़ी 3 नग एवं सोने का झुमका 1 जोड़ी कुल कीमती 2,00,000/- रूपये जप्त किया गया है। आरोपिया को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।




