कुत्ते के विवाद में महिला को निर्वस्त्र कर पीटा, दबंगों ने दी परिवार को उड़ा देने की धमकी
बैतूल। हाल ही में उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दबंगों के अत्याचार से पीडि़त युवती के साथ दुष्कर्म और उसकी मौत का मामला थमा भी नही था कि बैतूल जिले के चिचोली तहसील के ग्राम चूडिय़ा में एक आदिवासी महिला गांव के दबंगों का शिकार बन गई। कुत्ते को लेकर उपजा विवाद इतना बढ़ा कि दबंग परिवार ने मिलकर न ही आदिवासी महिला के साथ मारपीट की बल्कि उसे पीटते-पीटते बीच सड़क पर उसे निर्वस्त्र भी कर दिया गया।
घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है तो वही पुलिस ने दोनो पक्षों पर काउंटर केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पीडि़त परिवार पर समझौते का दबाव भी बनाया गया था ।जिला अस्पताल में भर्ती पीडि़त महिला रेखा बाई ने बताया कि कुत्ते को लेकर गांव के ही दबंग परिवार के युवकों से कहा-सुनी हो गई थी और विवाद शांत भी हो चुका था लेकिन गांव के दबंग परिवार के युवकों और महिलाओं द्वारा घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की गई। यह ही नही उसे घर से निकालकर बीच सड़क पर लाया गया और उसके कपड़े तक फाड़ दिये गये।
महिला का आरोप है कि दबंग परिवार के मुखिया ने परिवार सहित उड़ा देने की धमकी भी दी है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद दोनो पक्षों पर मामला दर्ज किया गया था लेकिन जब इस तथ्य की जानकारी मिली की आदिवासी महिला के साथ कपड़े तक फाड़ दिये गये थे तो अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान लिये गये है और धाराओं में भी इजाफा करने के साथ-साथ एससीएसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।इस घटना का खास पहलू ये है कि पुलिस ने घटना को लेकर सिर्फ मारपीट का मामला दर्ज किया था लेकिन जब मीडिया के सामने महिला ने बयान दिया और मामला एस पी तक पहुंचा तो आनन फानन में महिला सेल प्रभारी को अस्पताल भेज कर बयान लिए गए। और धाराओं में इजाफा किया गया।




