कटरा स्पेशल ट्रेन से 1454 श्रमिक पहुंचे चांपा : क्वारंटाईन के लिए किया गया रवाना
रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल पर स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न राज्यों में फंसे छत्तीसगढ़ के श्रमिकों और अन्य लोगों की छत्तीसगढ़ वापसी का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुबह कटरा-चांपा श्रमिक स्पेशल ट्रेन से 1454 श्रमिक यात्री चांपा जंक्शन पहुंचे। इनमें जांजगीर-चांपा जिले के 1245, रायगढ़ जिले के 193 और 16 श्रमिक कोरबा जिले के शामिल है।

श्रमिकों के प्लेटफार्म पर उतरते ही फिजिकल-सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें दो-दो बोगियों के अंतराल में बारी-बारी से उतारा गया साथ ही साथ उनके सामानों को सैनिटाइज किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के स्टालों में सभी श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा चांपा सेवा संस्थान द्वारा श्रमिकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात सभी श्रमिकों को सुव्यवस्थित रूप से बसों में बैठाकर क्वारंटाईन सेंटर के लिए भेजा गया। लॉकडाउन के कारण पिछले दो माह से अधिक समय से संकटापन्न स्थिति में फंसे श्रमिकों ने चांपा जंक्शन सुरक्षित पहुंचने पर राहत की सांस ली और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को धन्यवाद दिया।




