राजधानी के सप्रे शाला के शिक्षक से मांगा 15 लाख रुपए, नहीं देने पर दी परिवार को जान से मारने व मकान को बम से उड़ाने की धमकी, अपराध दर्ज
रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सप्रे शाला के शिक्षक को 15 लाख रुपए नहीं देने पर परिवार को जान से मार डालने व मकान को ब्लास्ट करने की धमकी मिली है, शिक्षक की शिकायत पर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया, कि शैलेंद्र नगर निवासी के.राज गोपाल मंगलवार को अपने निवास पर नहीं थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर पहुंच कर उनकी पुत्री के हाथ पर एक पत्र दिया गया। जिस पर शिक्षक से 15 लाख रुपयों की मांग की गई है। उक्त पत्र में पैसे नहीं देने पर परिवार को जान से मार डालने सहित उनके निर्माणाधीन मकान को ब्लास्ट करने की भी धमकी दी गई है।
पुलिस ने बताया, कि शिक्षक की पुत्री के मुताबिक अज्ञात आरोपी ने हेलमेट पहना हुआ था, व काले रंग की एविएटर गाड़ी में आया था। उक्त घटना के बाद शिक्षक ने डर के कारण थाने में सूचना नहीं की थी, जिसके बाद आज बुधवार को शिक्षक ने लिखित शिकायत थाने में पहुंचा दी है, जिस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध IPC की धारा 507 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।




