जिला अस्पताल में बुजुर्ग की जेब से 19 हजार पार
धमतरी । जिला अस्पताल में भर्ती अपने नाती की देखरेख के लिए मौजूद बुजुर्ग की जेब से किसी ने 19 हजार रूपए पार कर दिए। अस्पताल पुलिस चौकी ने शिकायत के बाद जांच में जुट गई है।
ग्राम दरगहन थाना केरेगांव निवासी कलीराम यादव 72 वर्ष ने बताया कि सोमवार को उसकी बहु का प्रसव सलोनी में हुआ था। नवजात को पीलिया होने की वजह से मंगलवार को लाकर जिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था। अपने बेटे भानु के साथ वह अस्पताल में देखरेख के लिए रूका था। बुधवार रात मेटननिटी वार्ड के गली में वह रात में सोया हुआ था। उसकी जेब में 200 का बंडल रखा था जिसमें से वह एक हजार रूपए खर्च के लिए निकाला। गुरूवार सुबह उठने के बाद पुरूष वार्ड के शौचालय की ओर जा रहा था तभी पुरूष वार्ड से एक व्यक्ति भी निकलकर शौचालय की ओर जाने लगा। जिसे रोककर कहा कि अंदर में कुछ महिलाएं गई हैं, रूक जाओ। इस बीच उस अंजान व्यक्ति के साथ कलीराम की 2-3 मिनट बात हुई। इसके बाद बुजुर्ग जब शौचालय पहुंचा तब उसका हाथ पहने कपड़े के जेब में गया। जहां 200 का बंडल गायब था। तत्काल इसकी सूचना अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी में आकर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज एवं पूछताछ कर उस व्यक्ति की तलाश कर रही है। आगे की जांच कार्यवाही जारी है।




