टिकट की कालाबाजारी करते 2 दलाल गिरफ्तार, रेलवे पुलिस ने की कार्रवाई
रायपुर | भाटापारा बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखंड में रेलवे टिकट रिजर्वेशन से संबंधित 2 दलालों को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पलारी ब्लॉक में कम्प्यूटर सेंटर की आड़ में इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था, जिसकी शिकायत पर भाटापारा रेलवे सुरक्षा बल ने पलारी पहुंचकर इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। पलारी विकासखंड में सिद्धांत कम्प्यूटर सेंटर से रेलवे टिकट रिजर्वेशन के अवैध कारोबार को अंजाम दिया जाता था। आरपीएफ ने दो लोगों को मामले में गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ होनी है। आरपीएफ की टीम ने जब सिद्धांत कम्प्यूटर्स में दबिश दी, तो आरोपियों के कब्जे से 44 रिजर्व टिकट बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत 47 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं टिकट रिजर्व करने के लिए उपयोग में लाए जा रहे 2 मोबाइल, 2 कम्प्यूटर, प्रिंटर सहित अन्य सामान को जप्त कर लिया गया है।




