आईपीएल मैच में सट्टा खेलते व खिलाते 2 पकड़ाए, लाखों रुपए का सट्टा पट्ट व नगदी जब्त
महासमुंद। आईपीएल मैच में सट्टा खेलते व खिलाते हुए दो युवक को कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पकड़ा है । ये दोनों युवक महासमुंद के निवासी है । आरोपियों के पास से पुलिस ने दो लाख रुपए का सट्टा पट्टी, नगदी एवं मोबाइल जब्त किया है । ये दोनों हाईटेक सिस्टम के माध्यम से सट्टा खिला रहे थे । पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सायबर सेल की टीम द्वारा जिले में मुखबीर लगाकर आईपील क्रिकेट मैच सट्टा खेलने व खिलाने वाले के साथ ऑनलाईन सट्टा खेलने वालों पर निगाह बनाई हुई है । इसी दौरान सोमवार को सूचना मिली की कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत ऑनलाईन,व मोबाइल के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच सट्टा खिलाया जा रहा है। मुखबीर सूचना के आधार पर संदेही वार्ड नं 04 अयोध्या नगर निवासी संतोष कुमार सेन अपने घर के पास कोलकाता नाईट राईडर्स एवं पंजाब किंग्स के मध्य आईपीएल क्रिकेट मैच में लोगों से रन, विकेट, एवं खिलाड़ी के नाम से मोबाईल एवं कागज में रूपए का दांव लगावाकर हारजीत का सट्टा पट्टी नामक जुआ खिलवा रहा है । सूचना पर पर संतोष कुमार पिता दिनेश कुमार सेन (35) को हिरासत में लिया । इसके पास से एक सफेद कागज में सट्टा पट्टी लिखा हुआ कुल 72,300 रूपए, नगदी 1000 रूपए व दो मोबाइल जब्त किया है । इसी प्रकार टीम ने मुखबिर की सूचना पर वार्ड क्रमांक 10 ईमलीभाठा निवासी दीपक ठाकुर पिता सीताराम ठाकुर (35) को भी हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान उसके पासा से 132000 रूपए का सट्टा पट्टी, नगदी 1150 रूपए एवं दो मोबाईल जब्त किया है । इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली शेर सिंह बंदे, सायबर सेल प्रभारी संजय सिंह राजपूत, उप निरीक्षक कपिश्वर पुष्पकार, टीकाराम सारथी, प्रधान आरक्षक श्रवण दास, मिनेश ध्रुव, रवि यादव, चम्पलेश ठाकुर शामिल थे ।




