सराफा व्यवसायी से गोलीबारी कर लाखों की लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार 2 फरार
जगदलपुर के जिला मुख्यालय में 18 जुलाई 2021 को स्थानीय सराफा व्यापारी त्रिलोकचंद सिसोदिया से आरोपियों द्वारा उनके ऊपर फायर कर के घायल कर स्कूटी की डिक्की में रखे हुए सोने के जेवरात लगभग 500 ग्राम से अधिक लूट कर फरार हो गये थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए 06 टीमों का गठन कर संदिग्ध आरोपियों की पतासाजी में घटना स्थल से लेकर उडीसा राज्य की सीमा तक लगभग 200 सीसीटीव्ही. फुटेज तथा लाखों मोबाईल का विश्लेषण से यह सुनिश्चित हो चुका था कि घटना को कुल 06 आरोपियों ने 03 मोटर सायकलों में आकर अंजाम दिया है। सीसीटीव्ही. फुटेज से प्राप्त अज्ञात आरोपियों के कद-काठी व हुलिया के आधार पर उडीसा में कैम्प कर रही टीम ने स्थानीय सम्पर्को के माध्यम से 01 की पहचान आर. रवि निवासी आस्का जिला गंजाम का होने के बाद उसके चांदली के ठिकाने पर दबिश दी गयी जहां पर आर. रवि और उनके टीम के अन्य 03 सदस्य शिबा राव, पी. रवि कुमार एवं राजकुमार दास को गिरफ्तार कर आरोपियों को थाना बोधघाट के अप.क्र. 217/2021 धारा 341, 307, 394, 397, 34 भादवि 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत आज रिमांड पर भेजा गया। फरार 02 अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।
लूट के मास्टरमांईड आर. रवि ने यह बताया कि सराफा व्यापारी के साथ घटना को उनके गैंग के शिबा राव, पी. रवि कुमार, राज कुमार दास तथा अन्य 02 लोगों द्वारा मिलकर किया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद वे ग्राम चांदली के अपने किराये के घर में आकर लूटे गये आभूषण व पिस्टल को वही डंप कर वहां से निकल गये थे। कुछ समय बीत जाने व पुलिस की गतिविधि सामान्य होने पर यहां आकर लूटे गये जेवरात का बंटवारा करने की योजना थी, इससे पहले ही पुलिस के गिरफ्त में आ गये। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 मोटर सायकिल व 01 पिस्टल जिसे आरोपी शिबा उर्फ तूफान ने मुंगेर बिहार से खरीद कर लाना बताया है, तथा 470 ग्राम सोने के आभूषण जुमला कीमती 25 लाख रूपये का जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी तेलंगाना, आन्ध्रप्रदेश, झारखंड, बिहार, प.बंगाल व छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में देखा गया है। उन राज्यों में भी इस गैंग के द्वारा कारित आपराधिक कार्यप्रणाली के अपराधों के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आईजी सुंदरराज पी. द्वारा 10 सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन करते हुए अज्ञात आरोपियों के संबंध में जानकारी देने पर 30 हजार रूपये की ईनाम की उद्घोषणा की गयी थी। अंतर्जिला समन्वय के तहत जिला कांकेर, सायबर सेल रायपुर, कोण्डागांव व सुकमा के अधिकारियों/कर्मचारियों की एक टीम को विश्लेषण करने वाली टीम के साथ जोड़कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। एसपी बस्तर जितेन्द्र सिंह मीणा द्वारा सरहदी राज्य उडीसा के जिला गंजाम, कोरापुट, जाजपुर तथा तेलंगाना एवं आन्ध्रपदेश के पुलिस अधीक्षकों से स्वत: ही सम्पर्क स्थापित कर उच्च स्तरीय प्रयास किये जा रहे थे।




