सीएमओ ने नियम विरुद्ध 61 कर्मियों को किया अटैच, जानिए क्या है पूरा मामला
रायपुर। स्वास्थ्य चेतना विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र नामदेव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर द्वारा नियम विरुद्ध 61 कर्मचारियों को जिनमें सहायक ग्रेड दो एवं तीन के तहत लैब टेक्निशियन फार्मासिस्ट स्टाफ नर्स महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, पुरुष पर्यवेक्षक, कनिष्ठ लेखा परीक्षक जूनियर सेक्रेटियल असिस्टेंट सफाई कर्मचारी, नर्सिंग अर्दली, चपरासी, चौकीदार, वार्ड ब्वाय एवं आयाबाई सहित अन्यत्र अटैचमेंट कर मनमानी की जा रही है।
स्वास्थ्यमंत्री टीएस सिंहदेव को ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य चेतना विकास समिति ने सीएमओ द्वारा की जा रही मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। वहीं शहरी स्वास्थ्य केंद्र कालीबाड़ी को पुन: शुरू किये जाने की मांग की है। अटैचमेंट किये गये कर्मचारियों को मात्र पांच माह की कार्यअवधि में अन्यत्र भेजा जाना सीएमओ द्वारा दिये गये आदेश पर प्रश्रचिन्ह लगाता है। साथ ही संलग्रीकरण नियम विरुद्ध किया गया है। स्वास्थ्य एवं चेतना विकास समिति के पदाधिकारियों ने पीलिया जैसी संक्रामक बीमारी की रोकथाम के लिए कालीबाड़ी स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत स्टाफ की संख्या बढ़ाकर बंद केंद्र को जनहित में प्रारंभ करने की मांग की है।




