कोरोना संक्रमित के घर खाना बनाने वाली महिला का सैंपल जांच के लिए भेजा
रायपुर, शहर के देवेंद्र नगर में कोरोना पॉजिटिव युवक के घर में खाना बनाने वाली महिला का स्वाब सैंपल भेजा गया है। वहीं ऐहतियात बरतते हुए महिला के घर के आसपास के इलाके को सील किया गया है। साथ ही घर के सभी सदस्यों को अगले 14 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश भी दिए है। इतना ही नहीं महिला के घर के आसपास पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। लंदन से लौटे युवक के घर में महिला खाना बनाने का काम करती है। विदेश से आने के बाद विभाग ने युवक का सैंपल लिया था, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। जिसके बाद रायपुर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के साथ रहने वाले परिजनों और उसके घर काम करने वालों के बारे में जानकारी एकत्रित करना शुरू कर दिया। जैसे ही टीम को पता चला कि युवक के घर में खाना बनाने वाली एक महिला कर्मचारी पिछले दो दिनों से काम पर नहीं आ रही है। वह महासमुंद जिले के भीमखोज गई हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सूचना जिला प्रशासन महासमुंद को दी। बता दे कि महासमुंद के लिए राहतभरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में महासमुंद जिले से अब तक 10 संदिग्ध लोगों का सैंपल लिया गया। जिसमें सभी की जांच रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई है।




