एडीजी जीपी सिंह के 15 ठिकानों पर एसीबी की दबिश, करोड़ों की बेनामी संपत्ति मिली...
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गुरूवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी, पुलिस प्रशिक्षण अकादमी के एडीजी के घर सहित विभिन्न ठिकानों पर एसीबी ने छापा मार कार्रवाई की। एसीबी चीफ आरिफ सीख ने बताया, जीपी सिंह के खिलाफ उनके एसीबी चीफ कार्यकाल के दौरान अवैध वसूली, भयादोहन आदि के माध्यम से अनुपातहीन धन संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं, जिसके आधार पर पूर्व में प्राथमिक जांच संस्थित की गई।
आरिफ शेख ने बताया, एसीबी को प्राथमिक जांच के अन्वेषण के दौरान पुख्ता प्रमाण मिले। एडीजी जी.पी सिंह अलग-अलग स्थानों पर करोड़ों की अनुपातहीन अवैध संपत्ति अर्जित की गई है। जीपी सिंह ने शेल कंपनियों में निवेश करके मनी लांड्रिंग का प्रयास किया है। इसके अलावा रायपुर, भिलाई, राजनांदगांव और ओडिसा राज्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में बेनामी संपत्तियां अर्जित करने की प्रामाणिक पुष्टि हुई।
उल्लेखनीय है कि एसीबी की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद जीपी सिंह के रायपुर, राजनांदगांव और ओडिसा के कुल 15 स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। छापे की प्रक्रिया अब भी जारी है, जिसके 2 जुलाई तक चलने की संभावना है। छापों की कार्रवाई के संपन्न होने के बाद विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया जा सकेगा। एडीजी जीपीसिंह के खिलाफ आयकर विभाग भी बेनामी एक्ट के तहत पृथक से कार्रवाई कर रही है।




