रायपुर | शहर में लगातार चाकूबाजी की घटनाओं में वृद्धि हो रही है शहरी क्षेत्र से लगे हुए ग्रामीण इलाके भी अब असामाजिक तत्वों की आपराधिक नजर से नहीं बच पा रहे हैं। शहर के सेजबहार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोरियाकला गांव के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में बीती रात्रि हुई चाकूबाजी से एक बार फिर शहर की गश्ती व्यवस्था प्रश्रवाचक बन गई है। आधी रात को आरोपियों द्वारा खुलेआम चाकूबाजी कर फरार हो जाना पुलिसिंग की व्यवस्था पर बड़ा प्रश्रचिन्ह लगाती है। इसका प्रमुख कारण यह माना जा रहा है कि किसी भी चाकूबाजी की हुई घटना पश्चात रायपुर पुलिस के द्वारा चाकूबाज़ों को पकडऩे के बाद उनका स्वागत-सत्कार करने में कोताही बरतना है, जिसके कारण हालात यह होते जा रहा हैं कि गली- मुहल्ले के छोटे-छोटे छर्रों के द्वारा भी चाकू लहराते हुए किसी को भी चाकू मार देना आम बात हो गया है।
चाकूबाजी की ऐसी ही एक घटना बीती रात घटित हुई। हुआ यूँ कि, बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किसी बात को लेकर इनके बीच बात विवाद हो गया, यह विवाद इतना बढ़ा कि हिस्ट्रीशीटर सलमान गिट्टी, विनय शर्मा, राजा शर्मा और प्रमोद तिवारी ने विनेश सेन्द्रे नाम के युवक को चाकू मार दिया, इस हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
रात में जब यह घटना घट रही थी, तब वहां मौजूद कॉलोनी के लोगों ने पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया।
मुजगहन थाना प्रभारी आरएन पांडेय के अनुसार बीती रात निगरानी बदमाश सलमान गिट्टी, राजा शर्मा, पंकज तिवारी और विनय शर्मा देर रात बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कालोनी गए हुए थे, इसमें से आरोपी राजा शर्मा कोतवाली इलाके का हिस्ट्रीशीटर रवि साहू का भांजा है।
बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विनेश सेन्द्रे से आरोपियों का किसी बात को लेकर विवाद हुआ, विवाद के बाद सभी आरोपी वहां से चले गए। कुछ देर बाद आरोपी फिर वापस आ गए और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कुछ घंटे पहले हुए विवाद के चलते विनेश सेन्द्रे को चाकू मार दिया। चाकू के हमले से विनेश सेन्द्रे घायल हो गया है, वहीं घटना के बाद से सभी आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।