अग्रसेन टाइम्स-डॉटकाम” न्यूज पोर्टल का हुआ शुभारम्भ
रायपुर: अग्रसेन महाविद्यालय पुरानी बस्ती में आज स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर कोरोना संकट के मद्देनजर आपसी दूरी का पालन करते हुए उपस्थित स्टाफ द्वारा माता हंसवाहिनी की पूजा अर्चना की गई। साथ ही पौधारोपण किया गया. इस वर्ष के स्थापना दिवस पर महाविद्यालय के न्यूज पोर्टल “अग्रसेन टाइम्स डॉटकाम” का विधिवत शुभारम्भ भी किया गया।
इस मौके पर महाविद्यालय के डायरेक्टर डा वी.के. अग्रवाल ने कहा कि यहाँ आने वाले दिनों में कुछ रोजगार-उन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने महाविद्यालय में आगामी दिनों में उपलब्ध होने वाली नवीनतम सुविधाओं की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय ने विगत दो दशकों से वंचित समुदाय के युवाओं को न्यूनतम शुल्क पर शिक्षा-दान देने का जो संकल्प लिया है, वह आज भी जारी है।
प्राचार्य डा. युलेंद्र कुमार राजपूत ने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय ने वर्ष 2002 में केवल कुछ छात्रों और शिक्षकों से शुरुआत करते हुए आज एक बड़े शिक्षण संस्थान के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय ने अपनी स्थापना से लेकर आज अक निरंतर प्रगति की है और यहाँ के विद्यार्थी पढाई के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं। महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने कहा कि इस महाविद्यालय की प्रगति का मूल-मन्त्र यही है कि हर वर्ष कोई न कोई नवाचार अवश्य किया जाये। इसी कड़ी में इस वर्ष न्यूज पोर्टल शुरू किया गया है. उन्होंने महाविद्यालय की अन्य उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के समस्त प्राध्यापक भी शामिल हुए।




