अजीत जोगी की हालत नाजुक : मस्तिष्क को जागृत करने देश-विदेश के चिकित्सकों से राय-शुमारी जारी
रायपुर | छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी की हालत आज भी नाजुक बनी हुई है। श्री जोगी लगातार कोमा में चल रहे हैं और उन्हें राईल्स ट्यूब के माध्यम से आहार दिया जा रहा है।
श्री जोगी को लेकर आज सुबह जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि उनकी हालात लगातार नाजुक बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटरर से सांस दी जा रही है। अस्पताल के न्यूरो फिजिशियर डा. छत्रपाल सिंह साहू और डा. विवेक त्रिपाठी व न्यूरोसर्जनन डा. रूपेश वर्मा उनके मस्तिष्क का लगातार परीक्षण कर रहे हैं। डाक्टरों द्वारा टीसीडी, वीएनएस, इंफ्रारेड रेडिएशन सहित विभिन्न तकनीकों से उनके मस्तिष्क को क्रियान्वित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनके मस्तिष्क की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा देश-विदेश के विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से श्री जोगी के मस्तिष्क के हर संभव ईलाज के बारे में लगातार चर्चा की जा रही है। इसी कड़ी में कल 16 मई को अस्पताल के डाक्टरों एवं रेणु जोगी व पुत्र अमित जोगी ने कांफे्रंस काल के माध्यम से बेंगलुरू स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेस निम्हांस हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डा. संजीव सिनहा से श्री जोगी के स्वास्थ्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा उपरांत डा. सिन्हा सहित सभी डॉक्टरों का यह मत रहा कि श्री जोगी को वर्तमान में दिए जा रहे ईलाज को अभी ऐसे ही जारी रखा जाए और इस दौरान उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाए। श्री जोगी की हालात लगातार गंभीर बनी हुई है।




