जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की घोषणा, 15 से नामांकन शुरू
धमतरी । जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की घोषणा हो गई है। 15 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जबकि 3 अप्रैल को मतदान होगा। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए अधिवक्ता परवेज अनवर को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ मोहन साहू, कामता सिन्हा चुनाव सहायक होंगे। अधिवक्ता संघ धमतरी निर्वाचन वर्ष 2021-2023 के लिए पदाधिकारियों का चुनाव होगा। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 15 वर्ष की सदस्यता होनी चाहिए। नामांकन शुल्क 2100 रुपए है। दो उपाध्यक्ष पद एक पुरूष, एक महिला के लिए 10 वर्ष की सदस्यता जरूरी है। इसके लिए 1600 रुपए नामांकन शुल्क है। एक सचिव पद के लिए 7 वर्ष की सदस्यता होनी चाहिए। इसके लिए भी 1600 रुपए नामांकन शुल्क लिये जायंगे। सहसचिव, कोषाध्यक्ष के एक-एक पद के लिए 5 वर्ष की सदस्यता और 1100 रुपए नामांकन शुल्क देना होगा। एक क्रीड़ा सचिव, ग्रंथालय प्रभारी के लिए 5 वर्ष की सदस्यता होनी चाहिए। इसके लिए नामांकन शुल्क 600 रुपए रखा गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में 4 पुरूष, दो महिला शामिल किये जाएंगे। इसके लिए योग्यता 5 वर्ष की सदस्यता अनिवार्य है। 600 रुपए नामांकन शुल्क जमा करना होगा। नामांकन फार्म प्राप्त करने व जमा करने की तिथि 15 मार्च से 19 मार्च, समय दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे रखा गया है। नामांकन फार्म की जांच 22 मार्च को होगी। प्रत्याशी के नामांकन वापसी की तिथि 23 व 24 मार्च को 11 बजे से शाम 5 बजे तक है। 3 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान एवं 3 बजे से मतगणना जिला अधिवक्ता संघ कक्ष में की जाएगी। चुनाव में नामांकन फार्म के साथ नि:शुल्क मतदाता सूची प्रदान की जाएगी। सभी मतदाता अधिवक्ता कोविड-19 का पालन करते हुए मतदान में भाग लेंगे




