गिरफ्तार नक्सली कमांडर की मौत, कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में था भर्ती
सुकमा । सुकमा में गिरफ़्तार नक्सली सोबराय की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कर दी है। नक्सली सोबराय को 2 जून को तेलंगाना के वारंगल से गिरफ़्तार किया गया था।
ऐसा बताया जा रहा है कि बेहतर इलाज के लिए सोबराय को हैदराबाद रेफर किया गया था, जहां उनके मौत होने की खबर मिली है। जानकारी के अनुसार कई अन्य नक्सली भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
सोबराय नक्सलियों के कम्युनिकेशन विंग का चीफ था। नक्सलियों के दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के कम्यूनिकेशन टीम का चीफ सोबराय कोरोना से पीड़ित था। वो इलाज कराने तेलंगाना के वारंगल पहुंचा था। जहां वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नक्सली कमांडर सोबराय ने कई अहम खुलासे भी किए। सोबराय ने कई नक्सली नेताओं के नाम का भी खुलासा किया जो कोरोना से पीड़ित हैं। सोबराय के मुताबिक कटम सुदर्शन ऊर्फ आनंद, थिपिरी तिरुपति ऊर्फ चेतन, यापा नारायण ऊर्फ हरि भूषण, कट्टा रामचंद्र रेड्डी ऊर्फ विकल्प भी कोरोना से पीड़ित है। देवेंद्र रेड्डी, मुचाकी उंगल उर्फ सुधाकर, कोडी मंजूला उर्फ निर्मला, पुसम पद्मा और ककरला सुनीता भी कोरोना संक्रमित हैं।
नक्सलियों में कोरोना संक्रमण फैलने और कोरोना से कई बड़े नक्सलियों के गंभीर होने का कोत्तागुड़म एसपी सुनील दत्त का दावा अब सच होता दिखाई पड़ रहा है।




