घर घुसकर टंगिया-रॉड से हमला, आरोपियों के खिलाफ जुर्म
महासमुंंद : शहर में मंगलवार देर शाम मौहारीभाठा और बीटीआई रोड में कुछ युवकों ने एक युवक को घर घुसकर और एक युवक के साथ रास्ता रोककर पुराने विवाद को लेकर मारपीट की। मामले में आरोपितों के खिलाफ पीडि़त दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एक मामले में जहां बलवा और दूसरे मामले में मारपीट का जुर्म दर्ज किया है।
वार्ड 30 की पार्षद अनिता साव पति विजय ने पुलिस को बताया कि मौहारीभाठा स्थित उनकी बड़ी बहन के घर घुसकर आरोपी शुभम चंद्राकर, प्रियांशु चन्द्राकर, सोमेश्वर साहू, युवराज कन्नौजे और फलेश साहू सहित अन्य उनके लड़के के साथ टंगिया, रॉड से मारपीट करने लगे बचाव करने आई उनकी बहन से भी डंडे से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
पार्षद ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके और पति के साथ भी मारपीट की है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 354, 452, 294, 323, 506, 147, 149 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है। इधर, शुभम चंद्राकर, फलेश साहू, युवराज कन्नौजे एवं अन्य युवकों पर शंकर नगर निवासी अमित राय ने भी मंगलवार रात में बीटीआई रोड कलेक्टोरेट गेट के पास मारपीट कर शराब की बोतल से सिर पर हमला कर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 341, 294, 323, 506, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है। थाना प्रभारी शेरसिंह बंदे ने बताया कि मामले में जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।




