भूपेश बघेल ने मरवाही और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जीत का किया दावा, मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से की चर्चा
रायपुर। मुख्यमंत्री बिहार चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर एयरपोर्ट में पत्रकारों से बात करते हुए मरवाही और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जीत का दावा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 नवंबर को नतीजे आएंगे। तो फिर से मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मरवाही में जीत पक्की है, बस देखना है कि कितने मतों से कांग्रेस जीत हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बिहार दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। बिहार में तीसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार जारी है। मुख्यमंत्री ने मरवाही उपचुनाव को लेकर कहा कि यहां कितने रिकॉर्ड अंतरों से हम जीते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश में चल रहे 28 सीटों के मतदान को लेकर कहा कि वहां में भी हमारी जीत हो रही है। जब नतीजे आएंगे, तो एक बार फिर से कमलनाथ की सरकार बनेगी। बिहार में महागठबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ महागठबंधन है जिसका नेतृत्व तेजस्वी यादव कर रहे हैं । दूसरी तरफ ठगबंधन है, जिसमें नीतीश कुमार और चिराग पासवान हैं, जो लगातार तलवार भांज रहे हैं।




