बड़ा हादसा: जगदलपुर जा रही बस खाई में गिरी, कई यात्री गंभीर रूप से घायल
जगदलपुर: छत्तीसगढ़ में एनएच-30 पर सोमवार सुबह करीब 3 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। एनएच-30 में तेज रफ्तार यात्री बस पलट गई। इस हादसे में 20 यात्री घायल हो गए हैं। इसमें से गंभीर रूप से घायल 4 से 5 यात्रियों को डिमरापाल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक जगदलपुर से लगे मेटावाड़ा आसना में ये हादसा हुआ है। हादसा सुबह करीब 3 बजे होना बताया जा रहा है। बस में मौजूद यात्रियों के मुताबिक चालक के नियंत्रण खोने से बस पलट गया। कोतवाली थाना प्रभारी एमन साहू के मुताबिक बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। ये बस रायपुर से जगदलपुर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि रात का सफर होने की वजह से बस में सवार लगभग यात्रियों की आंख लगी हुई थी। सभी यात्रियों को जगदलपुर ही उतरना था, लिहाजा पहुंचने का इंतजार था। बस अपनी नियमित रफ्तार में ही थी, लेकिन अचानक बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से बस खाई में जा गिरी और हादसा हो गया।




