रायपुर पुलिस की जुआरियो पर बड़ी कार्यवाही: अलग-अलग थाना क्षेत्र में 243 गिरफ्तार, 2 लाख से ज्यादा की रकम बरामद
रायपुर, राजधानी के अलग.अलग थाना क्षेत्र में दीपावली के दौरान जुआ खेलते 243 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 2 लाख से ज्यादा की नकदी बरामद की गई है।
बता दें कि राजधानी के अलग.अलग थाना क्षेत्र में दीपावली के दौरान जुआ रोकने के लिए एसपी प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को जुआ खेलने और खिलाने वालों की पतासाजी कर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया था।
एसपी के निर्देश के बाद सभी थाना क्षेत्र में मुखबिर लगाने के साथ ही लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी। इस दौरान एक नवंबर से 4 नवंबर कुल 56 प्रकरणों में कुल 243 व्यक्तियों को जुआ खेलते गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2,16,815 रुपए नकदी रकम जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ 3 जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्यवाही की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 नवंबर को थाना राखी, गुढ़ियारी, खमतराई, नेवरा, गोबरानवापारा एवं आरंग क्षेत्रों में जुआ खेलते 37 व्यक्तियों के विरूद्ध कुल 09 प्रकरण दर्ज कर जुआरियों के कब्जे से नकदी 20,960 रुपए एवं ताश पत्ती जब्त की गई है।
वहीं 2 नवंबर को थाना धरसींवा, अभनपुर, मंदिर हसौद, पुरानी बस्ती, खम्हारडीह, खरोरा एवं आरंग क्षेत्रों में जुआ खेलते 64 व्यक्तियों के विरूद्ध कुल 15 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जुआरियों के कब्जे से नकदी 21,855 बरामद किया गया है।
पुलिस की रेड में 3 नवंबर को थाना धरसींवा, उरला, देवेन्द्र नगर, पंडरी, पुरानी बस्ती, आरंग एवं अभनपुर क्षेत्रों में जुआ खेलते 68 व्यक्तियों के विरूद्ध कुल 13 प्रकरण दर्ज कर जुआरियों के कब्जे से नकदी 1,25,980 रुपए जब्त किए गए हैं।
इसी प्रकार 4 नवंबर को थाना विधानसभा, नेवरा, राखी, सिविल लाईन, उरला, पुरानी बस्ती, खम्हारडीह एवं टिकरापारा क्षेत्रों में जुआ खेलते 74 व्यक्तियों के विरूद्ध कुल 19 प्रकरण दर्ज कर जुआरियों के कब्जे से नकदी 48,020 रुपए जब्त किए गए हैं।




