BIG BREAKING: 2 दिन से लापता बच्ची की लाश जंगल मे मिली, तेंदुए के उठा ले जाने और मारने की आशंका
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद से दिल देहला देने वाली खबर सामने आ रही है, दो दिन से लापता 9 साल की बच्ची के अवशेष गुरुवार शाम को जंगल में मिले हैं। बच्ची दो दिन पहले घर के बाहर खेलते हुए गायब हो गई थी। परिजन पहले उसकी तलाश करते रहे। जब नहीं मिली तो सुबह पुलिस में शिकायत की। जिसके बाद 40 जवानों के साथ अफसरों की टीम बच्ची की सर्चिंग में लगी है। आशंका है कि तेंदुआ या कोई जंगली जानवर बच्ची को उठा ले गया और मार दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, गरियाबंद वन परिक्षेत्र के बमनी गांव निवासी 9 साल की रानी कमार 17 अगस्त की शाम पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आसपास के बच्चों के चीखने की आवाज आई। परिजन बाहर निकले, लेकिन बच्ची तब तक गायब थी। उन्होंने अन्य बच्चों से पूछा, लेकिन डर के चलते वह कुछ बता नहीं पा रहे थे। इसके बाद परिजन दो दिनों तक बच्ची को आसपास के इलाके में तलाश करते रहे।
गांव से 300 मीटर दूर जंगल में मिले शव के अवशेष
इस पर परिजन गुरुवार को कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस के साथ वन विभाग के 40 जवान सुबह करीब 11 बजे से बच्ची की तलाश में निकले। इस दौरान डॉग स्क्वॉयड को भी साथ लिया गया। शाम ढलने से पहले गांव से करीब 300 मीटर दूर जंगल में बच्ची के शव के अवशेष मिले हैं। यह गांव गरियाबंद मुख्यालय से करीब 7 किमी दूर है। फिलहाल अंधेरा होने पर सर्चिंग रोक दी गई है। पुलिस फिर सुबह तलाश करेगी।
बच्ची के घर के पास वन्य जीव के पग मार्क मिले
एडिशनल SP सुखनंदन राठौर ने बताया कि किसी जंगली जानवर के बच्ची पर हमला करने की संभावना है। घर के पास तेंदुए और जंगली जानवर के पग मार्क मिले हैं। आशंका है कि बच्ची को जानवर ने मार दिया है। फिलहाल तलाश जारी है। अंधेरा होने के कारण सर्चिंग रोक दी गई है। सुबह फिर से उसकी तलाश शुरू की जाएगी। इसमें वन विभाग के कर्मचारी और अफसर भी सहयोग में लगे हुए हैं।




