बड़ी खबर छत्तीसगढ़: 32 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। बस्तर जिले के आबकारी विभाग ने पुलिस के सहयोग से आसना जंगल में डंप की जा रही एक ट्रक अंग्रेजी शराब जब्त कर शराब तस्करी के तीन आरोपियों रोहित सुधाकर बाबर, युवराज यादव एवं अतुल धुरिया को गिरफ्तार किया गया है। जप्त शराब की अनुमानित बाजार मूल्य 31 लाख 60 हजार आंकी गई है, वहीं एक अन्य दबिश में कार से भी 10 पेटी शराब जब्त की गयी है।
प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी आशीष कोसम ने बताया कि बस्तर में मध्य प्रदेश के रास्ते नागपुर महाराष्ट्र से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी कर खपायी जा रही थी। अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर करपावंड मार्ग में बोरपदर गांव के पास एक कार की तलाशी ली गयी, जिसमें गोवा ब्रांड की 10 पेटी शराब मिली। मौके से आरोपी युवराज यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवराज से पूछताछ में पता चला कि आसना जंगल में एक ट्रक शराब उतारी जा रही है। तत्काल बोधघाट पुलिस की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू कर, जंगल के अंदर डंप कर रहे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि आसना जंगल में दबिश दी गई वहां ट्रक क्रमांक जीजे 98-4866 से में 539 पेटी गोवा ब्रांड की शराब मिली। कार और ट्रक दोनों प्रकरण मिलाकर 26352 नग शराब जब्त की गई है। इसकी कुल कीमत 31 लाख 62 हजार 240 रुपये आंकी गयी है। ट्रक से दो आरोपी रोहित सुधाकर बाबर व अतुल धुरिया को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के अनुसार उनका काम जंगल में शराब डंप करने का था।




