बड़ी खबर छत्तीसगढ़: अंडरकवर सैनिक की गला रेत कर हत्या, नक्सली बोले- सजा दी
दंतेवाड़ा: जिले के कटेकल्याण ब्लॉक के टेटम गाँव मे बीती रात माओवादियों ने गोपनीय सैनिक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है ,इस घटना की पुष्टि दंतेवाड़ा एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने की है।
एसपी ने बताया कि टेटम के पूर्व सरपंच का बेटा मृतक उमेश मरकाम गोपनीय सैनिक के रूप में विभाग में काम कर रहा था, इन्ही कारणों से माओवादियों ने उसकी हत्या कर दी है। इस वारदात को नक्सलियों के कटेकल्याण एरिया कमेटी ने अंजाम दिया है। हत्या के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है । टेटम गाँव में सुरक्षाबल के कैम्प लगने के बाद यह पहली बड़ी घटना है। इस घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल के जवानों को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया, जहां जवानों द्वारा मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटेकल्याण लाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सलियों में बौखलाहट
नक्सलियों की कटेकल्याण एरिया कमेटी में पुलिस लगातार अपनी पैठ जमाती जा रही है। हाल ही में टेटम में सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित हुआ है। लगभग सप्ताह भर पहले जवानों ने इसी इलाके में घुसकर 15 लाख रुपए के 3 इनामी नक्सलियों को ढेर किया था। साथ ही इसी इलाके से दर्जनों नक्सलियों ने लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर सरेंडर भी किया है। ऐसे में नक्सलियों में बौखलाहट देखने को मिल रही है।




