बड़ी खबर रायपुर: अस्पताल में कोविड-19 के इलाज के दौरान मरीज की मौत,परिजनों ने अस्पताल में घुसकर की तोडफ़ोड़ व मारपीट
रायपुर। राजधानी रायपुर जिले के खरोरा थानाक्षेत्र स्थित महामाया हास्पिटल में आक्सीजन की कमी से मौत हो जाने पर मरीज के परिजनों ने हास्पिटल में घुसकर तोडफ़ोड़ कर मैनेजर की पिटाई कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार महामाया हास्पिटल खरोरा में मैनेजर के पद पर पदस्थ मनोरंजन पोण्डा 42 वर्ष ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है कि 19 अप्रैल को रात्रि करीब 2 बजे कोविड़ 19 के मरीज को गंभीर हालत में महामाया अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो जाने पर आक्सीजन खत्म हो जाने की अफवाह फैलाकर हंगामा करते हुये खरोरा निवासी हरिश देवांगन ,भूपेन्द्र साहू,नीलेश गोयल ने आईसीयू वार्ड में घुसकर तोडफ़ोड़ किया तथा पीडि़त के साथ मारपीट किया। वहीं आरोपियों ने एंबुलेंस वाहन का कांच तोड़ दिया व मोबाईल तोड़ दिया जिसमें कोविड 19 मरीजों का डेटा संग्रह था। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 294,323,34 के तहत अपराध कायम कर मामला दर्ज कर लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महामाया हास्पिटल खरोरा में आक्सीजन के कमी के चलते कोरोना संक्रमित 4 मरीजों की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत होना बताया जा रहा है। जिसके चलते मृतकों के परिजनों द्वारा अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद घटना स्थल पहुंच पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया। वहीं अस्पताल प्रबंधन द्वारा आक्सीजन की कमी को अफवाह बताया जा रहा है तथा कोविड 19 के मरीज को गंभीर स्थिति में भर्ती कराने की वजह से मौत होना बताया जा रहा है।




