बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष मंडावी के पुत्र के साथ आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने की मारपीट, 2 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के बेटे अमन मंडावी के साथ बदमाशों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है. घटना बीती रात की बताई जा रही है. बीती देर रात शंकर नगर इलाके में आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने अमन मंडावी के साथ मारपीट की है. अमन अपने दोस्त वैभव के साथ एक निजी होटल में खाना खाने गया था. इसी दौरान बदमाशों के साथ कहासुनी हो गई. इसके बाद बदमाशों ने अमन की पिटाई शुरू कर दी. सिविल लाइन पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के अलावा अन्य धाराओं में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है. अन्य बदमाशों की तलाश जारी है.




