बड़ी खबर: ईडी ने कुर्क की इंजीनियर की 1.72 करोड़ की संपत्ति
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय ने पीएचई विभाग के कार्यकारी इंजीनियर सुरेंद्र चंद्रा की 1.72 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। केन्द्रीय जांच एजेंसी ने एक बयान में बताया कि सुरेंद्र कुमार चंद्रा की कुर्क की गई संपत्तियां बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले में बैंक में जमा राशि, कृषि भूमि, दूसरे इस्तेमाल की जमीन और घर के रूप में है। ईडी ने ने दावा किया कि जांच में पाया गया कि ज्यादातर अचल संपत्ति चंद्रा और उनकी पत्नी के नाम पर खरीदी गई थी। यह भी कहा गया है कि अवैध रूप से अर्जित नकदी का उपयोग आरोपी और उसकी पत्नी ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की एक योजना के तहत मकान के पंजीकरण के लिए किया था। कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 1 करोड़ 72 लाख 80 हजार 711 रुपये है।
जानकारी के अनुसार कुछ साल पहले राज्य की एजेंसी एंटी करप्शन ब्यूरो ने चंद्रा के ठिकानों पर छापा मारा था। एसीबी में दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने भी जांच की। अपनी जांच में ईडी ने करोड़ों की संपत्ति की गड़बड़ी पाई इसलिए अब इसे कुर्क किया जा रहा है। आय से अधिक संपत्ति मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत चंद्रा के खिलाफ चार्जशीट फाइल की थी। फिलहाल चंद्रा सस्पेंड हैं।




