बड़ी खबर: तेंदूपत्ता गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ो रूपये के तेंदूपत्ता जलकर खाक
कांकेर। आग की चपेट में आने से लगभग 2 करोड़ रुपए का तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया है। यह घटना जिला मुख्यालय कांकेर के पास माकड़ी स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में लगी आग की है। आग इतनी भीषण थी कि आधी रात तक इस पर काबू नहीं पाया जा सका था। आग बुझाने के लिए बालोद और धमतरी से भी दमकल की गाड़िया पहुंची थी।
माकड़ी के तेंदूपत्ता गोदाम में गुरुवार दोपहर तकरीबन 12 बजे आग लग गई थी। आग की लपटें देख वनकर्मियों ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों और फायर बिग्रेड को दी। सूचना पाकर दमकल की गाड़िया मौके पर पहुंची। तेंदूपत्ता सूखा होने की वजह से आग तेजी से फैलने लगी, जिस पर काबू पाना दमकल कर्मचारियों के मुश्किल था। 6 घंटे तक लगातार टीम आग बुझाने का प्रयास करती रही।
बताया जा रहा है कि पास ही के खेत में आग लगी हुई थी। उसकी चिंगारी तेंदूपत्ता गोदाम तक पहुंचने के कारण सूखे पत्तों में आग लग गई। सूचना के बाद वन विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। मुख्य वन संरक्षक एचडी बढगैया ने बताया कि माकड़ी के गोदाम नंबर 3 में आग लग गई। गोदाम में 5 हजार 600 बोरा तेंदूपत्ता था, जिसमें 1 हजार 100 तेंदूपत्ता का व्यापारियों ने भुगतान कर उठाव कर लिया गया था। 4 हजार 500 तेंदूपत्ता फड़ में आग फैल गई और सभी जलकर खाक हो गए। इनकी कुल कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
आग बढ़ती देख बालोद और धमतरी से दमकल की गाड़िया बुलाई गई। शाम 7 बजे तक टीम आग बुझाने में कामयाब नहीं हो पाई थी। देर रात तक आग पर काबू पाया गया। सीसीएफ एसडी बढगैया ने बताया कि तेंदूपत्ता की खरीदी के बाद गोदाम तक लाने के बाद एक मानक बोरे की कीमत 4800 रुपए होती है। माकड़ी में 10 गोदाम है जिसकी क्षमता एक लाख बोरों की है। बाकी गोदाम दूर होने के चलते सुरक्षित है।




