बड़ी खबर : शिक्षक की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2व्यक्ति फरार, जानिये क्या है पूरी घटना..
बीजापुर : जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र के मिरतुर मार्ग पर स्थित कडिय़ामपारा पोटाकेबिन के पास 03 नवम्बर 2021 को अज्ञात नकाबपोशों द्वारा कार में सवार शिक्षक महेंद्र तर्मा की देशी कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी थी, इस घटना को लेकर नक्सलियों ने भी पर्चा जारी करते हुए महेंद्र तर्मा की हत्या से इंकार कर दिया था। सायबर सेल की मदद से पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी को सुलझते हुए हत्या के मुख्य आरोपी अर्जुन कडती को गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस इसमें शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज शुक्ला ने बताया कि शिक्षक महेंद्र तर्मा की हत्या के बाद नेलसनार थाने में मामला पंजीबद्ध करते हुए विवेचना में लिया गया था, विवेचना के दौरान तथ्यों के आधार पर अर्जुन कडती पिता बुधराम कडती निवासी पॉलिगुड़ा थाना मिरतुर से पुछताछ के दौरान अर्जुन कडती ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पैसे लूटने के इरादे से घटना को अंजाम देने की बात को स्वीकार किया है।
आरोपी अर्जुन कडती ने बताया कि मृतक महेंद्र तर्मा पूर्व में भी दीपावली के समय ज्यादा पैसे लेकर मिरतुर जुआ खेलने जाया करता था, और हमेशा वो अपने पास ज्यादा पैसे भी रखा करता था। आरोपी अर्जुन अपने दोनों साथियों के साथ शिक्षक महेंद्र तर्मा पर नजर बनाए हुए थे। घटना के दिन मृतक महेंद्र तर्मा अपनी निजी कार से नेलसनार कडिय़ामपारा पोटाकेबिन के पास अपने साथी के आने का इंतजार कर रहा था, उसी समय आरोपी अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर देशी कट्टे से गोली मारकर महेंद्र तर्मा की हत्या कर उसके पास रखे 20 हजार रूपये नगद, मोबाईल विवो जेड कीमत 18 हजार शिक्षक के साथी सुदरु राम नेताम के पास से 06 सौ रूपये नगद, विवो मोबाइल कीमत 14 हजार लूट कर भाग गए थे।
घटना के मुख्य आरोपी अर्जुन कडती के बयान के आधार पर आरोपी के बताए हुए जगहों पर से घटना में इस्तेमाल किया गया होण्डा लाल रंग की मोटरसाइकल व 315 बोर देसी कट्टा, लुटे गए पैसे में से 05 हजार रूपये, घटना के समय पहने कपड़े व मोबाईल पटलीगुड़ा मिरतुर से बरामद किया गया। प्रकरण में आरोपी अर्जुन के विरुद्ध हत्या और लूट के सबूत पाए जाने के बाद नेलसनार थाने में विधिवत कार्यवाही के बाद न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया। इस घटना में शामिल फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट गई है।




