बड़ी खबर : को-वैक्सीन के उपयोग को राज्य सरकार ने दी अनुमति
रायपुर । राजधानी के नेहरु मेडिकल कॉलेज में को-वैक्सीन डोज लगाने का काम सोमवार से शुरु हो जाएगा। इसके साथ ही कोवैक्सीन के 72 हजार से ज्यादा डोज अब इस्तेमाल में लिए जाने लगेंगे। यही नहीं, पहला टीका लगवाने वालों के लिए अब वैक्सीन का विकल्प चुनने का कोई मौका नहीं रहेगा। यानी वैक्सीनेशन बूथ में कोविशील्ड या कोवैक्सीन में जो भी टीका उपलब्ध रहेगा, अब वही लगाया जाएगा।
खबरों के मुताबिक पहले डोज के रूप में कोविशील्ड लगवा चुके लोगो को दूसरे टीके के रूप में कोविशील्ड ही लगाई जाएगी। प्रदेश में अब तक 7.74 लाख से ज्यादा लोगो को पहले और दूसरे डोज के रूप में कोविशील्ड लगाई जा चुकी है। इसमें हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्कर के अलावा 60 या 60से अधिक उम्र के लोगो के अलावा गंभीर बीमारियों से पीडि़त 45 से 59 साल के लोग भी शामिल है।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमरसिंह ठाकुर के मुताबिक फिलहाल सोमवार को नेहरू मेडिकल कॉलेज से कोवैक्सीन लगाने की शुरूआत की जा रही है। इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों और सेंटर पर भी ये टीका लगाया जाना शुरु हो जाएगा। तीसरे ट्रायल के नतीजे आने से पहले कोवैक्सीन लगाने से पहले सहमति पत्र भरने का प्रोटोकाल था, लेकिन अब ट्रायल के परिणाम आने के बाद फॉर्म भरना जरूरी नहीं होगा।




