भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर उठाए सवाल कहा पुलिस मौन, जनता पूछे हमारी खैरियत जानेगा कौन?
रायपुर।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने मुफ्त शराब के नाम पर अपराधियों द्वारा कर्मचारियों पर हमला की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कमोबेश हालात एक जैसे ही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार आॅनलाईन शराब बेचने में व्यस्त है तो अब इससे एक कदम आगे चलकर शराब प्रेमी मुफ्त में शराब की चाहत रखकर शराब की दुकानों में हमला कर दे रहे है। यह ताजा घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है जिस क्षेत्र में अपराधियों ने हमला कर दो शराब दुकान में तैनात कर्मचारियों को बुरी तरह से घायल कर दिया है। उन्होंने कहा कि चार दिनों के बाद ही विधानसभा का सत्र आयोजित की गई है और इन क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की है। वहीं पुलिस की मौनता कई सवालों को जन्म देता है कि आखिरकार जनता की सुरक्षा की चिंता कौन करे, और जनता अब यह पूछने लगी है कि हमारी चिंता करने वाला कौन और कहां है?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध की घटनाएं सबके लिए चिंताजनक है लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। पुलिस के आला अधिकारियों में केवल मात्र अदला बदली का खेल चल रहा है लेकिन प्रदेश में हालात एक जैसे ही है। अपराधी बेखौफ होकर अपराध करके फरार हो जाते है और पुलिस दल केवल उनके पता साजी में लगी रहती है। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ते कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री मौनी बाबा का रूप धारण कर लिए है, महकमें पर उनका लगाम नहीं है और जो लगाम कस रहा है आखिर वह कौन है? पूरे प्रदेश में अपराध को रोकने के लिए नियमित गश्त पुलिस को बढ़ाना चाहिए और हालात की तत्काल समीक्षा होनी चाहिए।




