BREAKING NEWS CG: भीषण सड़क हादसे में शख्स बुरी तरह झुलसा, शव की पहचान के लिए पुलिस ने अपनाया ये तरीका
दुर्ग जिले के भिलाई में भीषण सड़क हादसे में शख्स के जिंदा जलने के मामले में पुलिस अब उस शव की पहचान करने DNA टेस्ट कराएगी। सोमवार को चरोदा में पंचशील नगर स्थित शराब भट्टी के पासअचानक एक कार में आग लगने से उसके अंदर ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति की मौत हो गई थी। हादसे के बाद कार के अंदर से मृतक के केवल हडि्डयां हीं मिल सकी हैं। इस मामले में अब पुरानी भिलाई थाना पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने कार के पंजीयन नंबर से उसके मालिक की जानकारी निकाली है। जिससे ये पता चला है कि ये कार बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई करने वाले राजा जैन की है। लेकिन पुलिस अब तक ये कंफर्म नहीं कर सकी है कि ये शव आखिर किस शख्स का था। वहीं पुलिस इस मामले में ये जांच कर रही है कि आखिर हादसे के वक्त उस कार में कौन-कौन सवार था।
इधर, पुलिस के द्वारा राजा जैन के परिजनों से संपर्क किया गया है। जिनसे जानकारी मिली कि राजा सोमवार को घर से दोपहर 2.30 बजे निकले थे। उनका मोबाइल भी घर पर ही था। उनके परिजनों ने बताया कि राजा व्यापारिक कारणों से कुछ दिनों से परेशान चल रहा था।
कार मालिक के परिजन नहीं पहचान पा रहे शव
इस मामले को लेकर CSP विश्वास चंद्राकर ने बताया कि अभी हमारे सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कार चालक कौन था। अगर कार में अचानक आग लगी तो उसमें बैठा व्यक्ति बाहर क्यों नहीं भागा। इन्हीं तमाम सवालों के जवाब की तलाश की जा रही है। कार मालिक राजा जैन के परिजन भी शव को पहचान नहीं पा रहे हैं। शव पूरी तरह से जल चुका है, केवल हड्डियां ही बची हैं। जिसे पहचानने में काफी दिक्कत हो रही है। फिलहाल पुलिस शव का DNA टेस्ट कराएगी। फिर पता चलेगा कि आखिर कार सवार चालक कौन व्यक्ति था। राजा जैन था या फिर और कोई।
अलग-अलग बिंदुओं पर जांच
पता चला है कि जिस रास्ते पर कार मिली है, वो व्यस्ततम रास्ता है। कुछ दूरी पर शराब भट्टी है। लेकिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शराब दुकान बंद होने के कारण सोमवार को रास्ता सुनसान था। कार के बाएं तरफ का दरवाजा भी खुला हुआ था। पुलिस अब इन्हीं बिन्दुओं को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर कार में आग किस वजह से लगी थी।




