सावधान! न्यूड वीडियो कॉल बना ठगी और ब्लैकमेलिंग का नया जरिया, पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों को आगाह किया
रायपुर, साइबर अपराध के एक के बाद एक नए तरीके इजाद हो रहे हैं। अब ब्लैक मेलिंग के लिए न्यूड वीडियो कॉल किए जा रहे हैं। रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने इसे लेकर लोगों से सतर्क रहने की नसीहत दी है। ट्विटर पर डाले गए पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि इस तरीके के केस लगातार सामने आ रहे हैं। किसी के व्हाट्सएप या फेसबुक अकाउंट पर अनजान नंबर से वीडियो कॉल आता है। कॉल रिसीव करते ही दूसरी ओर से किसी महिला या पुरुष का न्यूड वीडियो दिखता है। कॉल खत्म होने पर एक स्क्रीन रिकॉर्डेड वीडियो भेज कर ब्लैक मेलिंग की जाती है और पैसे की मांग की जाती है। इस स्क्रीन रिकार्डिंग का कोई भी गलत मतलब निकाल सकता है। इसके चलते घबराहट में कई लोग दिए गए अकाउंट में पैसे डाल देते हैं बहुत से लोग गहरे जाल में भी फंस रहे हैं।
New trick. Few such #cybercrime cases have come before me also. Stay alert. Pl RT for awareness.@ipsvijrk @arunbothra @ipskabra @arifhs1 @AwanishSharan @ParveenKaswan @sonalgoelias @PriyankaJShukla @CG_Police pic.twitter.com/H98bbco3rp
— Santosh Singh (@SantoshSinghIPS) May 20, 2021
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी के साथ ऐसा होने पर वे तुरंत पुलिस को सूचित करें और दूसरों को भी सावधान करें। उन्होंने सुझाव दिया है कि ट्रू कॉलर जैसे ऐप में भी ऐसे फोन नंबर को फ्रॉड नाम से सेव करें, ताकि दूसरे भी सावधानी बरतें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति से वीडियो कॉल करने से बचें।




