हत्याकांड में शामिल 4 नाबालिग पकड़ाए, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी...
बिलासपुर : बिलासपुर के तालापारा में 25 फरवरी को हुए हत्याकांड व जानलेवा हमले के मामलें में तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं। मामले के 4 नाबालिग आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके साथ ही कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ज्ञात हो कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा में बीते 25 फरवरी की दोपहर राजीव गांधी चौक के पास रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिग नवीन महादेवा अपने साथी मंझवापारा निवासी उदय चक्रवर्ती 18 साल के साथ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के समता कालोनी गार्डन गैस गोदाम गली के पास खड़े थे। तभी कुछ युवकों ने आकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में नवीन महादेवा की मौत हो गई थी, वहीं इस घटना में उदय गम्भीर रूप से घायल हो गया था। उदय को इलाज के लिए सिम्स में दाखिल कराया गया, जहां से उसे मेकाहारा रिफर कर दिया गया।
घायल के दोस्त मोहम्मद शाकिर की रिपोर्ट पर हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियो की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटना के दिन ही हत्या में शामिल 4 नाबालिगों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त किया था। वहीं फरार आरोपियों में से तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है वहीं अब भी फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।




