CG CRIME NEWS: पति-पत्नी की हत्या, इलाके में सनसनी
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम करेला गांव के सलोनी खार में अज्ञात व्यक्ति द्वारा पति-पत्नी की हत्या कर दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और फॉरेंसिक टीम बुलाकर मामले की जांच की जा रही है।
राजनांदगांव जिले के घुमका क्षेत्र अंतर्गत पति- पत्नी की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। मूलत: हरियाणा के रहने वाले पति -पत्नी लगभग 42 वर्षीय महावीर जाट और लगभग 36 वर्षीया मीनाक्षी जाट राजनांदगांव के घुमका क्षेत्र के सलोनी खार में बीते 2 वर्ष पूर्व लीज पर जमीन लेकर अपना व्यवसाय कर रहे थे, बीते बुधवार की शाम 7:00 बजे तक लोगों ने महावीर को खेतों में देखा था।
उसके बाद वहां काम करने वाले अन्य कर्मचारी अपने घर चले गए थे। गुरूवार सुबह जब कर्मचारी आए तो महावीर और उनकी पत्नी कहीं नजर नहीं आए और उनके घर पर भी ताला लगा हुआ था। काफी तलाश के बाद भी जब वे लोग नहीं मिले तो दोनों की गुमशुदगी के मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान गुरुवार की देर शाम जब पुलिस ने उनके घर का ताला तोड़ा तो घर के भीतर का नजारा देखकर सबके होश फाख्ता हो गए, घर के भीतर खून से लथपथ हालत में पति का शव जमीन पर पड़ा था , तो वहीं पत्नी की हत्या पलंग पर कर दी गई थी। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और दोनों पति पत्नी के शव को आज सुबह पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस मामले में राजनांदगांव की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम ने कहा कि अज्ञात लोगों द्वारा पति पत्नी की हत्या करने के बाद बाहर से घर पर ताला लगा दिया गया था।
बॉक्स:---
प्रज्ञा मेश्राम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव ने आरएनएस को बताया कि महावीर सिंह जाट जमीन कारोबार से भी जुड़ा हुआ है, माना जा रहा है कि जमीन के किसी विवाद को लेकर उसकी व उसके पत्नी की हत्या की गई होगी। बहरहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




