CG Crime : शराब पीकर घर लौटे पिता से हुआ विवाद, गुस्से में बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर की हत्या!
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब पीकर घर लौटने पर पिता ने बेटे को फटकार लगाई, जिससे नाराज होकर बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, 62 वर्षीय स्वर्ण गिरी छोटी सी नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के दिन उनका बेटा राजकुमार गिरी शराब पीकर घर पहुंचा। इस पर पिता ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद स्वर्ण गिरी शिकायत लेकर सरपंच के घर पहुंचे थे। इसी दौरान उनका बेटा कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंच गया और दोबारा विवाद करने लगा। गुस्से में आकर उसने पिता की गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से स्वर्ण गिरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राजकुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसएसपी शशिमोहन सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।




